महासमाधि दिवस पर यूपी पर्यटन की बड़ी पहल

नीब करोरी बाबा के नाम से बना नया आध्यात्मिक सर्किट

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने आध्यात्मिक धरोहर को विश्व धरोहर में शामिल करने का बड़ा कदम उठाया है।

By : Sukhwinder Kaur , Just Click National
नीब करोरी बाबा के नाम से बना नया आध्यात्मिक सर्किट

फिरोजाबाद, 10 सितंबर : उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने श्रद्धेय संत नीब करोरी बाबा के 'महासमाधि दिवस' को आधार बनाते हुए उनकी आध्यात्मिक धरोहर को विश्व धरोहर में शामिल करने का बड़ा कदम उठाया है। इस दिशा में विभाग ने बाबा से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों को जोड़कर एक नया आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित किया है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए 'बाबा नीब करोरी' के पांच विशेष टूर पैकेज भी शुरू किए हैं। इसके साथ-साथ फिरोजाबाद और फर्रुखाबाद में पर्यटन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास पर लगभग 12.93 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अकबरपुर, फिरोजाबाद को बाबा नीब करोरी की जन्मस्थली के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहाँ पर्यटन सुविधाओं के विकास पर 8.65 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं और 2.22 करोड़ रुपये की फेज-2 परियोजना का 60 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा, फर्रुखाबाद स्थित नीब करोरी आश्रम के विकास पर 1.51 करोड़ रुपये की परियोजना पूरी हो चुकी है। इन सभी पहलों का मुख्य उद्देश्य बाबा से जुड़े स्थलों को बेहतर सुविधाओं के साथ एक व्यवस्थित आध्यात्मिक पर्यटन अनुभव में बदलना है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया था कि नीब करोरी बाबा का 'महासमाधि दिवस' ऐसे संत को याद करने का अवसर है, जिनका संदेश आस्था, सादगी और सेवा का आज भी भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के लोगों को प्रेरित करता है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने बाबा की धरोहर को संरक्षित करने और व्यापक स्तर पर पहुंचाने का काम किया है। नए टूर पैकेजों के शुरू होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बाबा की आध्यात्मिक यात्रा से जुड़े प्रमुख स्थलों की सहज यात्रा की सुविधा होगी। नए 'नीब करोरी बाबा सर्किट' की स्थापना से उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध आध्यात्मिक पर्यटन सर्किटों में एक महत्वपूर्ण नया आयाम जोड़ा जाएगा।