आम आदमी पार्टी आरोप: दिल्ली राशन घोटाला

दिल्ली सरकार पर करोड़ों के चावल घोटाले का आरोप

आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली सरकार पर राशन कार्ड से वंचित गरिबों और दिहाड़ी मजदूरों के लिए चावल बांटने की कथित योजना के तहत क़रीब 3.1 करोड़ किलोग्राम चावल निजी कंपनियों को अधि‍क मूल्य पर बेचने का आरोप लगाया। खाद्य मंत्री मनजिंदर सिंह से इस्तीफा लेने की हिदायत दी और सरकार की जांच की मांग की, जिसमें 650 करोड़ रुपए के हेल्थ स्कैम और साइकिल खरीद जैसे घोटाले भी शामिल हैं।

By : Sukhwinder Kaur
दिल्ली सरकार पर करोड़ों के चावल घोटाले का आरोप

प्रैस वार्ता को संबोधित करते सौरभ भारद्वाज

नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.) : आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली सरकार पर कथित करोड़ों रुपए के चावल घोटाले का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने खाद्य मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा से इस्तीफे की मांग की है।
गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर आरोप लगाया कि एक संस्था ने दिल्ली में राशन कार्ड से वंचित गरीबों, प्रवासी मजदूरों और दिहाड़ी मजदूरों के लिए चावल उपलब्ध करवाने के नाम पर खाद्य मंत्री को पत्र लिखा था। उन्होंने कहा कि संस्था ने भारतीय खाद्य निगम (एफ.सी.आई. ) से ओ.एम.एस.एस. योजना के तहत चावल खरीदने के लिए दिल्ली सरकार से आवश्यक मंजूरी और अनुमति मांगी थी। भारद्वाज ने कहा कि मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने संबंधित पत्र अपने विभाग के स्पैशल कमिश्नर को भेजते हुए नियमों के तहत सकारात्मक विचार करने को कहा। इसके बाद विभाग के अधिकारियों ने कथित तौर पर एफ.सी.आई. को ई-मेल भेजकर संबंधित संस्था को चावल उपलब्ध करवाने पर विभाग की ओर से कोई आपत्ति नहीं होने की बात कही।
उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित संस्था को करीब 31,000 मीट्रिक टन चावल उपलब्ध करवाया गया और बाद में दोबारा अतिरिक्त चावल की मांग की गई। उन्होंने कहा कि दूसरे अनुरोध को भी मंत्री की ओर से विभागीय अधिकारियों को भेजा गया और एफसीआई से चावल जारी करने के लिए कथित तौर पर आगे पत्राचार किया गया। आप नेता ने सवाल उठाया कि यदि अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई और निलंबन किया गया है, तो उन्हीं निर्देशों का हवाला देने वाले मंत्री के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि 31,000 मीट्रिक टन यानी करीब 3.1 करोड़ किलोग्राम चावल दिल्ली के गरीबों में बांटने के लिए लिया गया था, तो उसका वितरण किस माध्यम से और किन स्थानों पर किया गया। उन्होंनेे इस पूरे वितरण की जांच की मांग की। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मामले में सी.बी.आई. और ए.सी.बी. के समक्ष औपचारिक शिकायत करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के नाम पर एफ.सी.आई. से चावल लेकर उसे हरियाणा की एक निजी कंपनी को कथित तौर पर अधिक कीमत पर बेचने और कमीशन कमाने की कोशिश की गई। उन्होंने दिल्ली सरकार पर अन्य कथित घोटालों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कथित 650 करोड़ रुपए के हैल्थ स्कैम और साइकिल खरीद से जुड़े आरोपों का उल्लेख करते हुए सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कथित चावल घोटाले में यदि किसी अधिकारी ने मंत्री के निर्देश पर काम करने की बात कही है, तो मंत्री की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।