मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल को इस मामले को केंद

हवारा की पैरोल के लिए राज्यपाल से मिले सी.एम.

चंडीगढ़, 12 अगस्त (हि.स.) : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात करके पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बेअंत सिंह की हत्या के दोषी जगतार सिंह हवारा को 10 दिन की पैरोल देने की सिफारिश की है। हवारा की पैरोल का उक्त मामला पूरी तरह से गर्मा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें राज्यपाल की सिफारिश आवश्यक है, क्योंकि मामले की सुनवाई दिल्ली में चल रही है। उन्होंने कहा कि अगर हवारा को पैरोल दी जाती है तो कानून व्यवस्था बनाए रखने की पूरी गारंटी राज्य सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि हवारा पिछले 31 वर्षों से जेल में बंद है। उसकी माता वृद्धावस्था में है, जिनकी बिगड़ती तबीयत को देखते हुए राज्यपाल से अनुरोध किया गया है कि हवारा को जल्द से जल्द 10 दिन की पैरोल देने पर विचार किया जाए। इस संबंध में हवारा के समर्थकों और पारिवारिक सदस्यों ने भी राज्य सरकार को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पंजाब में कड़ी मेहनत से हासिल की गई शांति की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस कार्य में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल को इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाने के लिए राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा भी दिलाया गया है।