स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पंजाब भर में 71 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल दवाई दी जाने वाली विशेष योजना का शुभारंभ किया
चंडीगढ़/साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर, 10 अगस्त: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज नेशनल डीवॉर्मिंग डे के अवसर पर स्थानीय फेज-11 स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस में आयोजित प्रभावशाली समारोह के दौरान राज्य स्तरीय अभियान की शुरुआत की। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक की आयु के बच्चों को एल्बेंडाज़ोल की गोलियां खिलाई जाएंगी, ताकि बच्चों को पेट के कीड़ों से मुक्ति दिलाई जा सके। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वयं स्कूली बच्चों को गोलियां खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।उन्होंने बताया कि पूरे पंजाब में लगभग 71 लाख बच्चों को एल्बेंडाज़ोल की गोलियां खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जो बच्चे आज किसी कारणवश दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 17 अगस्त को मॉप-अप दिवस के दौरान यह दवा खिलाई जाएगी। डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि आमतौर पर बच्चों के पेट में कीड़े हो जाते हैं, जिन्हें समाप्त करना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से नियमित रूप से अभियान चलाकर बच्चों को इस समस्या से निजात दिलाने के प्रयास किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह दिवस केवल एक गोली देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य में निवेश का प्रतीक है। सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार एल्बेंडाज़ोल की निःशुल्क खुराक दी जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें और अपने बच्चों को निर्धारित दवा अवश्य दिलवाएं।