पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह ने शेर-ए-पंजाब ट्व

शेर-ए-पंजाब ट्वेंटी-20 लीग की नीलामी में पंजाब के 450 से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

चंडीगढ़, 8 अगस्त 2026: पंजाब को आईपीएल की तर्ज पर ट्वेंटी-20 लीग मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज ‘शेर-ए-पंजाब ट्वेंटी-20 लीग’ की शुरुआत का ऐलान किया, जिसमें छह फ्रेंचाइजी टीमें शामिल होंगी। इन टीमों में शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, रमनदीप सिंह और गुरनूर बराड़ सहित पंजाब के स्टार क्रिकेटर खेलेंगे। यह लीग 30 अगस्त से 13 सितंबर तक मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) स्टेडियम में खेली जाएगी। 9 अगस्त को होने वाली नीलामी में पंजाब के 450 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिससे उभरती प्रतिभाओं को स्थापित खिलाड़ियों के साथ खेलने का एक बड़ा अवसर और मंच मिलेगा।खिलाड़ियों के साथ कुछ झलकियां साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “शेर-ए-पंजाब ट्वेंटी-20 लीग के खिलाड़ियों से मिलकर बहुत खुशी हुई। पंजाब की धरती ने हमेशा देश को नामवर खिलाड़ी दिए हैं। हमारी सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेलों के क्षेत्र में पंजाब को और आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयासरत है।        मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया, “राज्यभर में ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के तहत खेल प्रतियोगिताएं हर वर्ष सफलतापूर्वक आयोजित की जा रही हैं। इसी तरह राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 3,100 से अधिक खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। पंजाब अक्टूबर-नवंबर में पहली बार ‘हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी’ की मेजबानी करेगा और अब राज्य की अपनी क्रिकेट लीग भी शुरू होने जा रही है।” इस अवसर पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान अमरजीत मेहता, सचिव एवं सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर और उप प्रधान दीपक बाली ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को सम्मान स्वरूप लीग के लोगो वाली टी-शर्ट भेंट की। इस अवसर पर भारतीय टीम के खिलाड़ियों अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह ने भी मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को सम्मान स्वरूप क्रिकेट बैट और गेंद भेंट की।