पंजाब सरकार के जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल और मुख

सनौर हलके के 79 गांवों की 96,598 एकड़ भूमि को सिंचाई के लिए मिला नहरी पानी: बरिंदर गोयल

चंडीगढ़/सनौर, देवीगढ़, पंजाब के जल संसाधन मंत्री श्री बरिंदर गोयल तथा हलका सनौर के इंचार्ज रणजोध सिंह हडाणा ने गांव हडाणा में 68 करोड़ रुपये की लागत से 106.72 किलोमीटर लंबे 5 रजवाहों एवं माइनरों को पक्का करने की परियोजना का उद्घाटन किया, जिससे नहरी पानी टेल तक पहुंचेगा। इस अवसर पर विधायक गुरलाल घनौर भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान गांव हडाणा में हलके के निवासियों के विशाल जनसमूह ने कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए बरिंदर गोयल ने कहा कि अब सनौर हलके के 79 गांवों की 96,598 एकड़ भूमि को सिंचाई के लिए नहरी पानी मिलेगा। उन्होंने अफसोस जताया कि पिछली सरकारों ने किसानों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किया, बल्कि पंजाब के हिस्से का पानी भी दूसरे राज्यों को जाता रहा। बरिंदर गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेश के लोगों और किसानों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रही है तथा प्रदेश के भूजल को बचाने के उद्देश्य से नहरी पानी के अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित किया जा रहा है। नहरी परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए रणजोध सिंह हडाणा ने कहा कि मान सरकार द्वारा इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के अंतिम छोर तक स्थित खेतों को भी पर्याप्त नहरी पानी मिलेगा। इससे किसानों की सिंचाई लागत में कमी आएगी तथा फसलों की पैदावार में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने क्षेत्र की लंबे समय से लंबित नहरी पानी की मांगों को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान तथा कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर गोयल का विशेष रूप से धन्यवाद किया।