कपताई झील में डूबा रंगामती का मशहूर हैंगिंग ब्रिज
रंगामती, 3 सितंबर : बांग्लादेश के प्रमुख पर्यटन स्थल रंगामती में कपताई झील पर बना हैंगिंग ब्रिज जलस्तर बढ़ने के कारण पानी में डूब गया है। कई दिनों से हो रही भारी बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों से आए पानी के चलते झील का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए बांग्लादेश पर्यटन निगम ने पुल के आसपास आवाजाही पर रोक लगा दी है। प्रवेश द्वार पर लाल झंडे लगाए गए हैं और बांस की बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया है। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, पुल बंद होने की जानकारी नहीं होने के कारण यहां पहुंच रहे पर्यटकों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इसका सीधा असर स्थानीय पर्यटन कारोबार पर भी पड़ा है। कपताई झील बांग्लादेश की सबसे बड़ी मानव निर्मित झील है, जो कर्णफुली नदी पर कपताई बांध के निर्माण के बाद अस्तित्व में आई थी। रंगामती पर्यटन की पहचान माने जाने वाले इस खूबसूरत पुल का निर्माण झील के बीच स्थित दो पहाड़ियों को जोड़ने के लिए किया गया है। पुल के बंद होने से स्थानीय बोट टर्मिनल पर इंजन वाली 100 से अधिक नावें खड़ी हैं। वहीं, पारंपरिक कपड़े, टेक्सटाइल और हस्तशिल्प बेचने वाली दुकानों पर भी ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है। स्थानीय बोट ओनर्स एसोसिएशन के लीज होल्डर मोहम्मद फखरुल इस्लाम ने कहा कि पर्यटन सीजन उनकी आजीविका के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस मौसम में आने वाले पर्यटकों से होने वाली कमाई से उनके परिवारों का पूरे साल का खर्च चलता है, लेकिन पुल के डूबने के बाद आमदनी पूरी तरह ठप हो गई है। पुल के डूबने के बाद होटल बुकिंग में लगातार गिरावट आ रही है, जिससे होटल और रेस्तरां कारोबार प्रभावित हुआ है।