श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर छपरा में निकली भव्य शोभायात्रा
सारण, 05 सितंबर (हि.स.) : श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में छपरा जंक्शन परिसर स्थित श्री संकट मोचन बालाजी हनुमान मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक बाजे-गाजे, ढोल और नगाड़ों की गूंज के बीच निकली शोभायात्रा से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। शोभायात्रा के दौरान ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’, ‘मदन गोपाल की’ और ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ जैसे जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। श्रद्धालुओं में भगवान श्रीकृष्ण के प्रति विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली। शोभायात्रा छपरा जंक्शन से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरी। नगर परिक्रमा के दौरान जगह-जगह शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आरती उतारी और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। भक्ति और उल्लास से सराबोर शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए नगर पालिका चौक स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजन में शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया।