उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन पहुंचे रायपुर, एम्स के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
रायपुर, 02 सितंबर (हि.स.) उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज रायपुर पहुंचे । रायपुर एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका, डिप्टी सीएम विजय शर्मा समेत प्रदेश के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से उपराष्ट्रपति सीधे एम्स रायपुर के लिए रवाना हुए, जहां वे एम्स के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे रायपुर पहुंचे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दीक्षांत समारोह दोपहर करीब 12:30 बजे तक चलेगा। इसके बाद वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और दोपहर 1:30 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुख्य सचिव विकासशील ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। काफिले की रिहर्सल के कारण सरोना रिंग रोड से टाटीबंध चौक के बीच कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और यात्रियों को जाम का सामना करना पड़ा। दीक्षांत समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, एम्स अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, एम्स गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुरानिक, एम्स भोपाल के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल और केंद्र के पीएमएसवाई निदेशक सचिन कुमार समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।