जनशक्ति जनता दल पार्टी के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव

तेज प्रताप यादव को जान से मारने की धमकी,  X पर पोस्ट कर दी जानकारी

न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क पूजा शर्मा/पटना: जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के प्रमुख तेज प्रताप यादव अक्सर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में जब उन्होंने बिहार सरकार के एक मंत्री पर संगीन आरोप लगाए थे तब उन्हें मंत्री ने 50 करोड़ की मानहानि का नोटिस भी भेज दिया था। अब तेज प्रताप यादव ने दावा कर दिया है कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। इतना ही नहीं जेजेडी पार्टी के सुप्रीमो का यह भी दावा है कि उनसे पैसों की डिमांड की जा रही है। तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक मोबाइल नंबर भी शेयर किया है और कहा है कि इसी नंबर से उन्हें धमकी मिली है।

तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा, ' धमकी, ब्लैकमेलिंग और पैसे की मांग के मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग। आज दोपहर 3 बजकर 11 मिनट पर मुझे मोबाइल नंबर 7520322647 से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को एक मीडिया हाउस से जुड़ा हुआ बताते हुए मुझे जान से मारने की धमकी दी तथा वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और पैसे की मांग करने का प्रयास किया।

यह मामला केवल मेरे लिए ही नहीं, बल्कि जनशक्ति जनता दल से जुड़े अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। उक्त व्यक्ति पार्टी से जुड़े कई लोगों को फोन कर परेशान कर रहा है, धमकियां दे रहा है और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित रूप से पैसे की मांग कर रहा है।

मैं सरकार एवं संबंधित प्रशासन से मांग करता हूँ कि मोबाइल नंबर 7520322647 की तत्काल जांच कराकर फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए और उसके विरुद्ध कानून के अनुसार शीघ्र एवं कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, मेरे एवं पार्टी से जुड़े सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। धमकी, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून से ऊपर कोई नहीं है।