झारखंड

भरनो ब्लॉक चौक के पास वाहन जांच अभियान, बिना हेलमेट व ट्रिपल लोड बाइक चालकों पर सख्ती

प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत

भरनो/डेस्क:  भरनो प्रखंड में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है.इसी कड़ी में रविवार को भरनो ब्लॉक चौक के पास ओवर ब्रिज के नीचे थाना प्रभारी कंचन प्रजापति के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया.जांच अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले और ट्रिपल लोड बाइक सवारों को रोककर पूछताछ की गई.पुलिस ने दर्जनों ऐसे बाइक चालकों को पकड़ा जो यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे थे.थाना प्रभारी ने मौके पर ही सभी चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी.

थाना प्रभारी कंचन प्रजापति ने बताया कि हेलमेट पहनना केवल चालान से बचने के लिए नहीं,बल्कि अपनी जान की सुरक्षा के लिए आवश्यक है.उन्होंने कहा कि ट्रिपल लोड बाइक चलाना जानलेवा साबित हो सकता है,जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है.पुलिस द्वारा पकड़े गए बाइक चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए निर्देश दिया गया कि वे अपना हेलमेट लेकर मौके पर आएं.इसके बाद सभी को हेलमेट पहनाकर हिदायत दी गई और भविष्य में नियमों का पालन करने की शपथ दिलाकर छोड़ा गया.थाना प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भरनो थाना क्षेत्र में आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए आगे भी लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा. नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा.

यह भी पढ़ें:  बहरागोड़ा हॉस्पिटल में प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप