बगोदर: बिष्णुगढ़ रोड पर देर रात भीषण टक्कर, तीन घायल, दो घंटे मशक्कत के बाद चालक सुरक्षित निकाला गया
न्यूज11 भारत
बगोदर/डेस्क: बिष्णुगढ़ मार्ग पर उपरैली बोदरा के पास मंगलवार देर रात दो वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी. हादसे के बाद एक वाहन में हल्की आग लग गई, जिसे समय रहते बुझा लिया गया.
दुर्घटना में दोनों वाहनों के ड्राइवर और खलासी समेत तीन लोग घायल हो गए. दो घायलों को इलाज के लिए बिष्णुगढ़ भेजा गया. वहीं ट्रेलर के केबिन में फंसे चालक को लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया.
रेस्क्यू ऑपरेशन में बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव की विशेष भूमिका रही. उनके नेतृत्व में पुलिस बल, ग्रामीणों, जिप सदस्य दुर्गेश कुमार एवं जेएमएम नेता शत्रुघ्न मंडल के सहयोग से क्रेन और हाइड्रा की मदद लेकर चालक को केबिन से बाहर निकाला गया.
घायल चालक की पहचान चंद्रदेव यादव, निवासी होलम गढ़ा, चतरा के रूप में हुई है. उन्हें बगोदर सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया. मौके पर एंबुलेंस तैनात रही.
घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन बाधित रहा, जिसे पुलिस ने स्थिति नियंत्रित कर सामान्य कराया.
यह भी पढ़ें: लातेहार: सवारी गाड़ी से गिरने से युवक की मौत, दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया