कैथल: सांसद नवीन जिंदल की अफसरों को चेतावनी, काम समय पर व गुणवत्ता से पूरा करें
कैथल, (हि.स.) सांसद नवीन जिंदल ने जिला विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में बुधवार काे अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि विकास कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए और जो समय-सीमा अधिकारी बता रहे हैं, उसके बाद कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी। धवार को हुई बैठक में सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। सरकार बजट की कमी नहीं आने देती, इसलिए जिम्मेदारी अधिकारियों की है कि हर परियोजना तय मानकों के अनुसार पूरी हो। बैठक में सांसद ने घोषणा की कि जिले के सभी 25 खेल स्टेडियमों का आधुनिकीकरण कराया जाएगा। सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं के अलावा जरूरत पड़ने पर वे अपने स्तर से भी संसाधन उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कुरुक्षेत्र की तर्ज पर कैथल में एलिवेटेड ट्रैक बनवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। यहां के लोग नहीं चाहते कि आरओबी बने। उनका कहना है कि आरओबी बनने से उन्हें परेशानी होगी। इसलिए जन भावनाओं का ध्यान रखते हुए एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनवाने का पूरा प्रयास करेंगे।