झारखंड

देवरी ओपी पुलिस ने चलाया संघन एंटी क्राइम व ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान, नववर्ष पर विशेष सतर्कता

विकास कुमार/न्यूज़ 11 भारत

हुसैनाबाद/डेस्क: पलामू जिला के हुसैनाबाद अनुमंडल अंतर्गत देवरी ओ.पी. क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया. देवरी–जपला मुख्य सड़क सहित विभिन्न स्थानों पर एंटी क्राइम चेकिंग के साथ-साथ मुख्य रूप से ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त जांच की गई. जांच अभियान के दौरान वाहनों को रोककर उनके आवश्यक कागजातों व हेलमेट की जांच की गई. शराब पीकर वाहन चलाने वालों की पहचान के लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीन का इस्तेमाल किया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके.

इस संबंध में देवरी ओपी प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि ड्रंक एंड ड्राइव सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण है. शराब पीकर वाहन चलाना कानूनन अपराध है और इससे आम लोगों की जान को गंभीर खतरा होता है. इसी को ध्यान में रखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने आगे कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित रखना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है. जो भी व्यक्ति शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ नियमसंगत सख्त कार्रवाई की जाएगी. यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. 

नव वर्ष को लेकर विशेष सतर्कता

आगामी नव वर्ष के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है. नव वर्ष के जश्न के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह जांच अभियान तेज किया गया है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नव वर्ष का उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं और शराब पीकर वाहन न चलाएं. वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के नियमित और विशेष अवसरों पर चलाए जाने वाले अभियान से सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी.

यह भी पढ़ें: भागलपुर में टंकी से मिले युवक की मौत का राज गहराया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की बात आई सामने