बिलासपुर में तेज बहाव से एक वृद्ध महिला की मृत्यु

बिलासपुर बारिश से बेहाल: बाढ़ में बुजुर्ग महिला की मौत, कॉलोनियां डूबीं, ट्रेनें थमीं, करोड़ों का नुकसान

बिलासपुर,  (हि.स.) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 24 घंटे की रिकॉर्ड बारिश ने पूरे शहर को जलमग्न कर दिया। तेज बहाव में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों परिवार घरों में फंस गए। हालात इतने गंभीर हो गए कि एसडीआरएफ को कॉलोनियों के भीतर नाव चलाकर लोगों को सुरक्षित निकालना पड़ा। सड़कें, रेलवे ट्रैक, कॉलोनियां और बाजार पानी में डूब गए, बिजली-पानी की व्यवस्था चरमरा गई और करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने शुक्रवार तक बिलासपुर शहर की तस्वीर पूरी तरह बदल दी। शहर के कई हिस्सों में छह से आठ फीट तक पानी भर गया। जिन इलाकों में पिछले दो दशकों में कभी जलभराव नहीं हुआ था, वहां भी इस बार पानी लोगों के घरों में घुस गया। हालात ऐसे रहे कि परिवारों को पूरी रात घर बचाने के बजाय सामान सुरक्षित करने की जद्दोजहद करनी पड़ी। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में देवनंदन नगर फेस-1 और 2, गीतांजलि सिटी, फ्रेंड्स कॉलोनी, गुरु विहार, वसंत विहार, सरोज विहार, जोरापारा, जबड़ापारा, अरपापार, रायपुर रोड, सकरी और शहर की बाहरी कॉलोनियां शामिल रहीं। कई घरों में फ्रिज, वॉशिंग मशीन, कूलर, सोफा सहित घरेलू सामान पूरी तरह पानी में डूब गया। लोगों को ग्राउंड फ्लोर छोड़कर पहली मंजिल पर शरण लेनी पड़ी। सबसे दुखद घटना लिंगियाडीह निवासी 65 वर्षीय प्रमिला बाई के साथ हुई। शुक्रवार सुबह वह काम पर जाने के लिए निकली थीं। शीला अपार्टमेंट के पास उफनते नाले को पार करते समय तेज बहाव में बह गईं। कुछ घंटों बाद उनका शव राजकिशोर नगर स्थित ऊर्जा पार्क के पास अरपा नदी की झाड़ियों में फंसा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि फिसलने के बाद वह तेज धारा की चपेट में आ गई थीं। भारी जलभराव के कारण कई कॉलोनियों में लोग घंटों तक घरों में फंसे रहे। हालात बिगड़ने पर एसडीआरएफ की टीम को नाव के जरिए राहत एवं बचाव अभियान चलाना पड़ा। देवनंदन नगर, बंधवापारा, जगदंबा कॉलोनी, गीतांजलि सिटी, विजयापुरम, चौबे कॉलोनी और अन्य इलाकों से कुल 204 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बचाव अभियान के दौरान एक गंभीर मरीज तक ऑक्सीजन सिलेंडर भी पहुंचाया गया, जबकि पानी से घिरी एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया।