हिमाचल प्रदेश के जनजातीय ज़िला लाहौल-स्पीति में शु

हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में पहाड़ी से गिरी चट्टान की चपेट में आई टाटा सुमो, 13 लोगों की मौत, दो घायल

शिमला, (हि.स.) हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल स्पीति में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में 13 लोगों की जान चली गई। उदयपुर थाना क्षेत्र में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की मुख्य सड़क पर कढ़ूनाला-राहौली के पास पहाड़ी से अचानक गिरी भारी चट्टान की चपेट में एक टाटा सुमो आ गई। हादसे में वाहन में सवार 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। दोनों घायलों को बचाकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब प्रदेश में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। संवेदनशील इलाकों में यात्रा से पहले सड़क और मौसम की जानकारी लेने की भी सलाह दी गई है। बता दें कि प्रदेश में मानसून ने 30 जून को दस्तक दी थी। इस हादसे से पहले बारिश से जुड़े हादसों में 75 लोगों की मौत हो चुकी थी। लाहौल स्पीति की इस दुर्घटना को मिलाकर अब यह आंकड़ा बढ़कर 88 पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 27 से 29 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन लगातार लोगों को खराब मौसम के बीच अनावश्यक यात्रा नहीं करने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की एडवाइजरी जारी कर रहा है।