कुल्लू में 11.1 ग्राम चिट्टे के साथ युवक व युवती गिरफ्तार
कुल्लू, (हि.स.) प्रदेश सरकार के चिट्टा-मुक्त हिमाचल अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुल्लू ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह एसटीएफ की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर औट थाना के अंतर्गत आने वाले गांव नगवाईं में एक घर पर छापा मारा। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जब कमरे की तलाशी ली गई, तो वहां से 11.1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कमरे में मौजूद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। विवेक कुमार (27) निवासी नगवाईं, तहसील व थाना औट (मंडी) व किरन पुत्री शेर चंद, निवासी न्यूली, जिला कुल्लूके रूप में हुई है। डीएसपी एसटीएफ वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना औट में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। चिट्टा कहां से लाया गया था (सप्लाई चेन), इसके पीछे पैसों का क्या लेन-देन (फाइनेंशियल ट्रेल) रहा है और इस अवैध नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं, इसका जल्द ही पता लगा लिया जाएगा।