हिमाचल के कई हिस्सों में भारी बारिश, 16 अगस्त तक अलर्ट, मंडी में 245 ट्रांसफार्मर बंद
शिमला, 10 अगस्त (हि.स.) हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बीती रात तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने 16 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। आज और कल 11 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 14 से 16 अगस्त के बीच भी कई जगह भारी बारिश की चेतावनी है। लगातार बारिश से भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है और कई सड़कें, बिजली ट्रांसफार्मर और पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। पिछले 24 घंटों में धर्मशाला में सबसे ज्यादा 60 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोलन जिले के अर्की में 50 मिलीमीटर, शिमला जिले के ठियोग में 40 मिलीमीटर, सिरमौर के पांवटा साहिब में 40 मिलीमीटर और शिमला में 40 मिलीमीटर बारिश हुई। मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में भी 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश का असर प्रदेश की सड़कों और बिजली व्यवस्था पर भी दिख रहा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के सोमवार सुबह तक के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में भूस्खलन के कारण 124 सड़कें बंद हैं। 255 बिजली ट्रांसफार्मर और 17 पेयजल परियोजनाएं भी प्रभावित हैं। हिमाचल में इस मानसून सीजन में बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 155 लोगों की मौत हो चुकी है। मानसून 30 जून को प्रदेश में पहुंचा था। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के 30 जून से अब तक के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश को करीब 835 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। कुल 155 मौतों में 87 लोगों की जान सड़क हादसों में गई है। भूस्खलन से 14 लोगों की मौत हुई है। अचानक आई बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड से एक व्यक्ति की मौत हुई है। बहने से चार लोगों की जान गई है। बिजली का करंट लगने से छह लोगों की मौत हुई है। पहाड़ी से फिसलने, पेड़ से गिरने और दूसरे बारिश से जुड़े हादसों में 23 लोगों की मौत हुई है।