समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, ज

मुख्यमंत्री सुक्खू ने बड़सर में फहराया तिरंगा

शिमला, 15 अगस्त (हि.स.) : हिमाचल प्रदेश में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को पूरे उत्साह एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है। राज्य स्तरीय समारोह हमीरपुर जिले के बड़सर में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस वर्ष पहली बार हरियाणा पुलिस के जवानों ने भी परेड में हिस्सा लिया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के चहुंमुखी विकास में अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अधिकारियों ने भी राज्य के विकास में बहुमूल्य भूमिका निभाई है और सरकार हमेशा कर्मचारियों तथा पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के सत्ता संभालने से पहले पिछली सरकार वेतन और पेंशन एरियर के रूप में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी छोड़ गई थी। इसके बावजूद कठिन आर्थिक परिस्थितियों में उनकी सरकार अब तक कर्मचारियों और पैंशनरों को लगभग 2170 करोड़ रुपए से अधिक के वेतन एवं पैंशन एरियर का भुगतान कर चुकी है। उन्होंने पैंशनरों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उनके वेतन एरियर के रूप में अतिरिक्त 20 हजार रुपए का भुगतान इसी महीने किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने घोषणा की कि 31 मार्च 2027 तक प्रदेश में किसी भी डॉक्टर को सेवानिवृत्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश के विकास में सहयोग देने और स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कैप्शन : संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू।