हिमाचल में बारिश से जनजीवन प्रभावित, 259 सड़कें बंद, कुल्लू में स्कूल बंद
शिमला, 11 अगस्त (हि.स.) हिमाचल प्रदेश में मानसून की व्यापक बारिश के बीच जनजीवन प्रभावित हुआ है। लगातार हो रही बारिश से कई जगह सड़कें बंद हैं, बिजली और पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। जनजातीय जिला किन्नौर में बारिश के बाद कई छोटे नालों में बाढ़ आई है। कुल्लू में बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार को सभी स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थान बंद रखने का फैसला लिया है। यह फैसला मौसम विभाग की चेतावनी और ऑरेंज अलर्ट के बीच लिया गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश से राहत के संकेत नहीं दिए हैं। आज भारी से बहुत भारी बारिश कुछ स्थानों पर होने की संभावना जताई गई है। 12 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है। 13 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 14 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। 15 और 16 अगस्त को भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है। 17 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इस दौरान मानसून की सक्रियता बनी रहेगी। ऐसे में भूस्खलन, अचानक बाढ़ और सड़कों के बंद होने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और जोखिम वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।