3 अंतर्राज्यीय नशा नैटवर्क का पर्दाफाश; अबू धाबी भागने की फिराक में आरोपी एयरपोर्ट से काबू
शिमला, 29 अगस्त (हि.स.) : शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में अंतर्राज्यीय नैटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हैरोइन की बरामदगी के बाद नैटवर्क की अहम कड़ी को अहमदाबाद एयरपोर्ट से पकड़ा गया। दूसरे मामले में हिमाचल, पंजाब और हरियाणा तक फैले चिट्टा नैटवर्क के मुख्य सप्लायर को अंबाला से गिरफ्तार किया गया। तीसरे मामले में वित्तीय लेन-देन की जांच के आधार पर चिट्टा तस्करी नैटवर्क के कथित मुख्य सरगना को पकड़ा गया है। पहले मामले में स्पैशल सैल ने 3 अगस्त 2026 को शोघी के पास विजय कुमार को 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ और तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि यह खेप तरनतारन निवासी शुभकरमन सिंह उर्फ सुल्तान ने उपलब्ध कराई थी। शुभकरमन सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में नारायणगढ़ जिला अंबाला निवासी आजाद सिंह की भूमिका भी सामने आई। आजाद सिंह की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन पुलिस कार्रवाई की भनक लगने के बाद वह फरार हो गया। जांच में पता चला कि वह पासपोर्ट और टूरिस्ट वीजा बनवाकर अबू धाबी जाने की तैयारी में था। तकनीकी निगरानी से उसकी लोकेशन अहमदाबाद में मिली। गुजरात पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में उसे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर अबू धाबी जाते समय गिरफ्तार किया गया। अहमदाबाद की अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद उसे शिमला लाया गया और अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। जांच में सामने आया कि विजय, शुभकरमन और आजाद संपर्क के लिए सिग्नल एप का इस्तेमाल करते थे। शुभकरमन से हैरोइन आजाद के जरिए विजय तक पहुंची और विजय इसे लेकर शिमला आया था। स्पेशल सैल ने खेप बरामद की। इस मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। विजय के खिलाफ महिला थाना नारायणगढ़ में वर्ष 2025 में बीएनएस की धाराओं 78, 79, 126(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज है। आजाद के खिलाफ इसी थाने में वर्ष 2023 में आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज है। दूसरे मामले में जुब्बल पुलिस ने हिमाचल, पंजाब और हरियाणा से जुड़े चिट्टा सप्लाई नैटवर्क के मुख्य सप्लायर और ऑपरेटर सन्नी सिंह को अंबाला से गिरफ्तार किया। इस मामले में घुमारवीं निवासी रविन्द्र कुमार से 9.57 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। पुलिस रिमांड में रविन्द्र ने बताया कि उसने चिट्टा सन्नी सिंह से जीरकपुर में लिया था। तीसरे मामले में सदर शिमला पुलिस ने अमृतसर निवासी करण को 25 अगस्त को गिरफ्तार किया। इस मामले में अंकुश उर्फ सुदामा के कब्जे से 6.360 ग्राम चिट्टा मिला था। पूछताछ में उसने चिट्टा सागर से लेने की बात कही थी। इसके बाद अंकुश, प्रवीण चौहान उर्फ बाबी और सागर को गिरफ्तार किया गया।