वैशाली में खाकी शर्मसार, लालगंज थानाध्यक्ष पर छापेमारी के दौरान लाखों की चोरी का आरोप, थानाध्यक्ष और दरोगा निलंबित
रवि कुमार/न्यूज़11 भारत बिहार/डेस्क: वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की वर्दी एक बार फिर दागदार हुई है. चोर के घर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर ही लाखों रुपये नकद, दो किलो सोना और छह किलो चांदी गायब करने का गंभीर आरोप लगा है. मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ललित मोहन शर्मा ने लालगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार और दरोगा सुमन झा को निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया है और जांच के आदेश दिए है.
दरअसल, 31 दिसंबर को लालगंज के एसडीपीओ गोपाल मंडल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पति-पत्नी द्वारा चलाए जा रहे चोरी के गिरोह के उद्भेदन की जानकारी दी थी. उन्होंने बताया था कि लालगंज थाना क्षेत्र के बिलनपुर गांव में रामप्रीत सहनी के घर से चोरी के बर्तन, टीवी, कारतूस समेत अन्य सामान बरामद किया गया है. इस दौरान आरोपी की पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया था. लेकिन गिरोह के खुलासे के बाद एक नया मामला सामने आया. आरोपी रामप्रीत सहनी के रिश्तेदार गेना लाल सहनी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने सिर्फ बर्तन और टीवी ही नहीं, बल्कि लाखों रुपये नकद, करीब दो किलो सोना और छह किलो चांदी भी घर से उठाई थी, जिसे जब्ती सूची में नहीं दिखाया गया.
इतना ही नहीं, सरकारी गवाह बनी गांव की एक महिला ने भी दावा किया कि गांव के लोगों ने पुलिस को कीमती सामान ले जाते हुए देखा था. इसके बावजूद जब्ती सूची में सोने-चांदी के आभूषण या बड़ी नकदी का कहीं कोई जिक्र नहीं है. वहीं कैमरे से बचते हुए पुलिस के कुछ अन्य कर्मियों ने भी बताया कि थानाध्यक्ष संतोष कुमार जब भी छापेमारी पर जाते थे, तो उनकी नजर घर में रखे कीमती सामानों पर रहती थी. इसी वजह से कई पुलिसकर्मी उनके साथ छापेमारी में जाने से डरते थे, कहीं उनकी करतूतों में फंसकर उनकी नौकरी पर खतरा न आ जाए. फिलहाल, एसपी के आदेश पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है.