लोगों की आस्था की सुरक्षा सर्वोपरि : डा. आहलूवालिया
खन्ना, 03 सितंबर (राजविंदर राजू) : जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से मनाने के लिए खन्ना पुलिस ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। 'लोगाें की आस्था की सुरक्षा सर्वोपरि है।' यह बात एसएसपी डा. दर्पण आहलूवालिया ने पुलिस के सभी जीओज और जिला खन्ना के विभिन्न मंदिरों की प्रबंधक समितियों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक के दौरान कही। उन्होंने जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से ही सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। बैठक में मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पुलिस कर्मचारियों की तैनाती, यातायात को सुचारू बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा मंदिरों में श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधा, प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि धार्मिक त्योहार लोगों की आस्था से जुड़े होते हैं और ऐसे अवसरों पर पुलिस की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। खन्ना पुलिस की ओर से जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मंदिर प्रबंधक समितियों के साथ लगातार तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके। उन्होंने मंदिर प्रबंधक समितियों के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।