कांग्रेस पार्टी किसी की जागीर नहीं; बेशक परिवार से

ईसड़ू रैली में उम्मीदों का सैलाब, कांग्रेसी दिग्गज हुए गदगद

खन्ना, ईसड़ू, 16 अगस्त (राजविंद्र राजू) : गोवा की आजादी के महान शहीद करनैल सिंह ईसड़ू की याद में पूर्व मंत्री गुरकीरत सिंह के नेतृत्व में एक विशाल वार्षिक शहीदी कांफ्रैंस करवाई गई, जिसमें एकत्रित हुए भारी जनसमूह ने आगामी चुनाव में गुरकीरत सिंह की जीत का डंका बजा दिया। वहीं इसने पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने का आधार बांध दिया है। इस रैली ने मंच पर बैठे सभी कांग्रेसी नेताओं के हौंसले बुलंद कर दिए। कांफ्रैंस में पूर्व मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मंत्री तेज प्रकाश सिंह कोटली, पूर्व मंत्री राणा गुरजीत सिंह, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु, मोहम्मद सदीक, बरिंदर सिंह ढिल्लों, पूर्व विधायक लखवीर सिंह पायल और हलका इंचार्ज रूपिंदर सिंह राजा गिल सहित अनेकों नेताओं ने शहीद को श्रद्धांजलि भेंट की। इस दौरान पंजाब प्रदेश कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग गैरहाजिर रहे और पंडाल में विभिन्न वक्ताओं के बोलते समय चरनजीत सिंह चन्नी जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे।

इस मौके पर विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए पूर्व चन्नी ने कहा कि जो कौम शहीदों को याद रखती है, वह ही तरक्की करती है, परंतु आम आदमी पार्टी की सरकार ने 4 साल दौरान शहीद के गांव के विकास की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। पंजाब को रंगला बनाने का नारा देने वाले पंजाब मुख्यमंत्री ने पंजाब को कंगाल बनाकर रख दिया है। आज पंजाब का हर वर्ग आम आदमी पार्टी की सरकार से तंग आ चुका है। उन्होंने कहा कि आज का भारी भीड़ आगामी विधान सभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने का संकेत है। उन्होंने कहा कि अकाल तख्त हमारी सिरमौर संस्था है, जिसके आगे हमारा सिर झुकता है परंतु हमारा मुख्यमंत्री उससे बहस कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के राज में पंजाब की सभी रेत खान बंद हैं परंतु पंजाब का सफेद सोना रातों को लूटा जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पंजाब द्वारा बाहर के देशों में करोड़ों अरबों की प्रापटी बनाने के भी आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली का पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब का मुख्यमंत्री पंजाब को जी भरकर लूट रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर हल्ला बोलते कहा कि केंद्र सरकारों की राजनैतिक गलतियों के कारण आजादी के बाद पंजाब दो बार बांटा गया और आज का पंजाब चिड़िया के पंजे जितना रह गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पंजाब में 50 किलोमीटर तक बी.एस.एफ. का कब्जा करवा दिया है जो राज्य की पंजाब पुलिस पर सवाल उठाता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने महिलाओं को 1000 रुपए महीना देकर मजाक किया है। सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने शहीद ईसड़ू को श्रद्धांजलि और शहीद-ए-आजम बेअंत सिंह की कुर्बानी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश में अमन-शांति लाने के लिए अपनी कुर्बानी तक के दी। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष का नाम लिए बगैर कहा कि पार्टी में प्रधानगी आती जाती रहती है, हमें किसी प्रधान से कांग्रेसी होने का सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है और हमारी रगो में कांग्रेस पार्टी का खून है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी एक व्यक्ति की जागीर नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही एक परिवार में से 4 व्यक्ति जीतने वाले हों, उनको सबको टिकट मिलेगी। पूर्व मंत्री गुरकीरत सिंह ने कहा कि आप सरकार के राज में हर तरफ धक्केशाही हो रही है कानून नाम की कोई चीज नहीं है। विकास के नाम पर लोगों को गुमराह करने की कोशिशों की जा रही हैं परंतु पंजाब के लोग सब जान चुके हैं कि पंजाब की तरक्की हमेशा कांग्रेस के राज में ही हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि बेअंत सिंह का परिवार ने कभी भी बंदी सिंहों की रिहाई का विरोध नहीं किया और न कभी उनकी रिहाई में कोई बाधा डाली है।गुरकीरत सिंह ने कहा कि पंजाब की अमन शांति के लिए उनका परिवार हर प्रकार की कुर्बानी देने के लिए तैयार है। हलका इंचार्ज रूपिंदर सिंह राजा गिल ने मुख्य मेहमान को स्वागतम कहा और कांग्रेस पार्टी के वर्कराें का धन्यवाद किया। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जनाब रफीक मोहम्मद, पूर्व कौंसिल अध्यक्ष विकास मेहता, कमलजीत सिंह लद्धड़, अमित तिवाड़ी, अंकित शर्मा, शमिंदर सिंह मिंटू, हरप्रीत सिंह धंजल, राजीव मेहता, यूथ अध्यक्ष विजय मौदगिल, डा. गुरमुख सिंह चाहल, हरदीप नीनू, रविंदर बब्बू, पूर्व चेयरमैन सतनाम सिंह सोनी, पूर्व उप चेयरमैन गुरदीप सिंह जुलमगड़, पूर्व सरपंच जसप्रीत सिंह सोनी जरग, गुरदीप सिंह रसूलड़ा, प्रोफेसर गुरमुख सिंह सियाड़, गुरविंदर सिंह ईसड़ू, हरजिंदर सिंह इकोलाहा, सलीम मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में पार्टी वर्कर मौजूद थे।