Lucknow Murder: लखनऊ तिहरे हत्याकांड, Youtuber Pragya Mishra की बहन की गोली मारकर हत्या!
अतुल मोहन, सिंह, लखनऊ: राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ICICI बैंक की गोमती नगर शाखा में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत महिला अधिकारी दिव्या मिश्रा की उनके ही पति मानस वाजपेयी ने बैंक के बाहर गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतका दिव्या मिश्रा मशहूर यूट्यूबर और पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन बताई जा रही हैं। इस खौफनाक वारदात के बाद आरोपी पति ने हुसड़िया चौराहे पहुंचकर अपनी सगी बहन तूलिका को भी गोली मार दी और अंत में खुद को गोली मारकर जीवन लीला समाप्त कर ली।
बात न सुनने पर मारी गोली
मीडिया की खबरों के अनुसार, घटना गोमती नगर थाने के पर स्थित ICICI बैंक की शाखा के बाहर हुई। आरोपी मानस वाजपेयी अकेला आया था और उसके दोनों हाथों में पिस्तौल थी। उसने पहले बैंक के बाहर दिव्या से कुछ बातचीत करने का प्रयास किया। जब दिव्या ने उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया और आगे बढ़ने लगी, तो मानस ने उन पर ताबड़तोड़ दो गोलियां दाग दीं। दिव्या के जमीन पर गिरते ही आरोपी वहां से एक ऑटो में सवार होकर मौके से फरार हो गया।
चौराहे पर बहन को बनाया निशाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि दिव्या और उनके पति मानस के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दिव्या को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी मानस सीधे हुसड़िया चौराहे पहुंचा। वहां उसने अपनी बहन तूलिका को निशाना बनाते हुए उस पर भी गोली चला दी और इसके तुरंत बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी।
दिनदहाड़े थाने के पास हुई इस ताबड़तोड़ गोलीबारी और तिहरे हत्याकांड से पूरे गोमती नगर क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया और मामले की जांच में जुटी है।