पाकिस्तानी झंडे और गुब्बारे पेड़ पर लटकते देख प्रत

गुरदासपुर में पेड़ से लटकते मिले गुब्बारों के साथ पाकिस्तानी झंडे

चंडीगढ़, 15 अगस्त (हि.स.) : जिला गुरदासपुर में उस समय सनसनी फैल गई, जब सीमावर्ती गांव रसूलपुर में ग्रामीणों को गुब्बारों के साथ पाकिस्तानी झंडे पेड़ पर लटके मिले। सूचना मिलते ही कलानाैर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और झंडों तथा गुब्बारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेतों में नहर विभाग की माइनर सड़क पर लगे यूकेलिप्टस के पेड़ से दर्जनों हरे और सफेद रंग के पाकिस्तानी झंडे गुब्बारों से बंधे हुए लटके मिले। इन झंडों की लंबाई चार से पांच फुट बताई जा रही है। गुब्बारों पर दिल-दिल पाकिस्तान लिखा हुआ था। उल्लेखनीय है कि भारतीय पंजाब के जिला गुरदासपुर के निकट पाकिस्तानी पंजाब का नारोवाल जिला है। पाकिस्तान में 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है। ऐसे में प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि शुक्रवार को पाकिस्तान के जिला नारोवाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह गुब्बारे तथा झंडे छोड़े गए होंगे, जोकि रात्रि में हवा के रुख के साथ भारतीय पंजाब की सीमा में प्रवेश कर गए। जांच की जा रही है। कैप्शन : पेड़ पर लटकते गुब्बारे व पाकिस्तानी झंडे।