पंजाब पुलिस ने लुधियाना में एक प्रॉपर्टी डीलर हत्य

लुधियाना प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में वांछित दो आरोपी धरे

अपराध और गैंगस्टर नैटवर्क के खात्मे को प्रतिबद्ध पंजाब पुलिस : डी.जी.पी. यादव लुधियाना, 11 अगस्त : मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशानुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (ए.जी.टी.एफ.) ने लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस के साथ चलाए संयुक्त ऑपरेशन में लुधियाना के प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में वांछित दो आरोपियों को एक 9 एम.एम. ग्लॉक पिस्तौल और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान मनजीत सिंह उर्फ बॉबी और मोहित कुमार, दोनों निवासी चंद्रलोक कॉलोनी, लुधियाना के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 अगस्त 2026 की रात्रि लगभग 11:30 बजे लुधियाना के सुतंत्र नगर में पिस्तौलों और धारदार हथियारों से लैस कई व्यक्तियों ने हरजिंदर सिंह उर्फ हैरी झंडा पर हमला कर दिया था, जिसके परिणामस्वरूप उसकी मौत हो गई थी। डी.जी.पी. गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी मनजीत सिंह उर्फ बॉबी की आपराधिक पृष्ठभूमि है। वह इरादतन कत्ल और एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत कई अन्य आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। इतना ही नहीं वह लुधियाना शहर के क्षेत्र में एक स्थानीय गैंग चला रहा था। उन्होंने राज्य में शांति और सुरक्षा हेतु अपराध और गैंगस्टर नैटवर्क के खात्मे के लिए पंजाब पुलिस की प्रतिबद्धता को दोहराया।             ए.डी.जी.पी. प्रमोद बान ने बताया कि ए.जी.टी.एफ. की पुलिस टीमों को हरजिंदर सिंह हत्याकांड में वांछित दो आरोपियों के ठिकानों के बारे में पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी, जिसके तहत इंस्पैक्टर विक्रमजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने कमिश्नरेट लुधियाना पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाकर उक्त दोनों आरोपियों को टिब्बा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। सी.पी. लुधियाना स्वपन शर्मा ने बताया कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें काबू करने के लिए पुलिस टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में थाना टिब्बा कमिश्नरेट लुधियाना में विभिन्न धाराओं के तहत पहले ही एफ.आई.आर. दर्ज की जा चुकी है।