फिल्लौर के पास पंजाब रोडवेज बस का टायर फटा, एक यात्री का पैर टूटा, कई अन्य घायल
फिल्लौर, (हि.स.) जालंधर जिले में फिल्लौर के पास भाटियां गांव में सरकारी प्राइमरी स्कूल के पास मंगलवार रात पंजाब रोडवेज की बस का अचानक टायर फटने से हादसा हो गया। हादसे में बस में सवार यात्री रंजीत सिंह का पैर टूट गया, जबकि कई अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। हादसे में बस को भी काफी नुकसान हुआ है। रोड सेफ्टी फोर्स (SSF) के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि किसी राहगीर से हादसे की सूचना मिलने पर उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि पंजाब रोडवेज की बस लुधियाना से जालंधर जा रही थी। जैसे ही बस भाटियां गांव के पास पहुंची, उसका टायर अचानक फट गया, जिससे बस बेकाबू होकर हादसे का शिकार हो गई। SSF टीम ने गंभीर रूप से घायल यात्री रंजीत सिंह को तुरंत 108 एंबुलेंस से सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया। फिल्लौर पुलिस स्टेशन के ड्यूटी ऑफिसर को भी घटना की जानकारी दी गई और बस को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस स्टेशन भेज दिया गया है। बस ड्राइवर कुलदीप सिंह ने दावा किया कि वह काफी समय से बस के टायरों की खराब हालत के बारे में बड़े अधिकारियों को बता रहा था। उसने पहले ही हादसे की आशंका के बारे में भी आगाह किया था, लेकिन इसके बावजूद टायर नहीं बदले गए। जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री थे। टायर इतनी तेज आवाज के साथ फटा कि उसका असर बस की बॉडी तक पहुंचा और अंदर का हिस्सा भी डैमेज हो गया। हालांकि, बड़ी जनहानि टल गई, जिससे सभी यात्रियों ने राहत महसूस की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।