आर्चरी वर्ल्ड कप 2026 के पहले चरण में ज्योति सुरेख

ज्योति सुरेखा और दीपिका कुमारी आर्चरी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की करेंगी अगुवाई

आर्चरी वर्ल्ड कप 2026 पुएब्ला में ज्योति सुरेखा, दीपिका कुमारी भारतीय टीम की करेंगी अगुवाई पुएब्ला (मेक्सिको) (वार्ता) एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता ज्योति सुरेखा वेन्नम और पूर्व वर्ल्ड नंबर वन दीपिका कुमारी मंगलवार से शुरु हो रहे तीरंदाजी विश्व कप 2026 के पहले चरण में भारत की चुनौती की अगुवाई करेंगी। चार चरणों वाले आर्चरी वर्ल्ड कप सर्किट के इस शुरुआती चरण में 7 से 12 अप्रैल तक 32 देशों के 200 से अधिक तीरंदाज हिस्सा लेंगे। इस टूर्नामेंट में साल्टिलो में होने वाले वर्ल्ड कप फ़ाइनल के लिए क्वालिफिकेशन स्पॉट दांव पर होंगे। भारत ने इस टूर्नामेंट के लिए 16 सदस्यों वाली आर्चरी टीम की घोषणा की है, जिसकी अगुवाई दीपिका कुमारी करेंगी। दीपिका का लक्ष्य एक और पोडियम फ़िनिश हासिल करना होगा, ताकि वह अपने 38 वर्ल्ड कप पदकों के शानदार रिकॉर्ड में एक और पदक जोड़ सकें। चार बार की ओलंपियन दीपिका ने पिछले साल शंघाई में हुए दूसरे चरण में व्यक्तिगत तौर पर कांस्य पदक जीता था।    वर्ल्ड नंबर 3 ज्योति सुरेखा वेन्नम, महिलाओं की कंपाउंड टीम की अगुवाई करेंगी। उनके साथ पूर्व वर्ल्ड चैंपियन अदिति स्वामी भी होंगी, जो पिछले सीज़न में मैड्रिड चरण में हिस्सा न ले पाने के बाद अब टीम में वापसी कर रही हैं। वेन्नम के लिए 2025 का आर्चरी वर्ल्ड कप अभियान बेहद शानदार रहा था। उन्होंने ऋषभ यादव के साथ मिलकर मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण और कांस्य पदक जीते थे। कंपाउंड मिक्स्ड टीम स्पर्धा लॉस एंजलिस 2028 ओलंपिक खेलों में पहली बार शामिल किया जाएगा। अन्य प्रमुख नामों में, ओलंपियन अतनु दास और तरुणदीप राय रिकर्व टीम में शामिल हैं। एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता अभिषेक वर्मा, पूर्व वर्ल्ड चैंपियन ओजस देवतले और 2025 शंघाई वर्ल्ड कप की गोल्ड मेडलिस्ट मधुरा धामनगांवकर कंपाउंड टीम को मजबूती प्रदान करेंगे। आर्चरी वर्ल्ड कप 2026 के पहले दो चरणों के लिए भारतीय टीम का चयन फरवरी में कोलकाता में हुए नेशनल ट्रायल्स के बाद किया गया था। सितंबर में होने वाले 2026 आर्चरी वर्ल्ड कप फ़ाइनल में, वर्ल्ड कप के चारों चरणों के व्यक्तिगत चैंपियन (रिकर्व और कंपाउंड दोनों) हिस्सा लेंगे।