रांची नगर निगम का वेस्ट यूजर चार्ज के बड़े बकाएदारों पर सख्त रुख, 100 बड़े डिफॉल्टरों को नोटिस जारी
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: रांची नगर निगम ने वेस्ट यूजर चार्ज के बड़े बकाएदारों पर सख्त रुख अपनाया है. निगम प्रशासन ने 100 बड़े डिफॉल्टरों को नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर बकाया राशि जमा करने का निर्देश दिया है. तय समय पर भुगतान नहीं करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. रांची नगर निगम क्षेत्र के सभी भवनों, होटल, हॉस्टल, बैंक्वेट हॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज का भुगतान अनिवार्य है. वर्तमान में यह शुल्क सभी वार्डों में चयनित एजेंसी के माध्यम से वसूला जा रहा है. प्रशासक के निर्देश पर नगर निगम ने अप्रैल 2022 से दिसंबर 2025 तक वेस्ट यूजर चार्ज नहीं चुकाने वाले 100 बड़े बकाएदारों की सूची तैयार की है और उन्हें नोटिस भेजा गया है. नोटिस जारी होने के सात दिनों के भीतर पूरी बकाया राशि जमा करना अनिवार्य होगा. समय-सीमा के अंदर भुगतान नहीं करने पर झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 की विभिन्न धाराओं के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. नगर निगम ने शहर के सभी नागरिकों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे समय पर वेस्ट यूजर चार्ज का भुगतान करें, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके. भुगतान के लिए ऑनलाइन, ऑफलाइन और डोर-स्टेप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. नगर निगम का साफ संदेश है—समय पर भुगतान करें, वरना सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें. ये भी पढ़ें- खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की आपात समीक्षा बैठक, धान क्रय में ऐतिहासिक उपलब्धि, किसानों में खुशी