हालांकि बिलावल के प्रवक्ता और कराची के मेयर मुर्तज

बिलावल भुट्टो जरदारी को पसंद आई यूरोप की लड़की, साल के आखिर तक शादी संभव!

इस्लामाबाद, 30 अगस्त (हि.स.) : पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने अपनी होने वाली जीवनसाथी की खोज कर ली है। वह यूरोप में रहती है। कहा तो यहां तक जा रहा है कि उनके पिता और पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी अपनी होने वाली बहू के परिवार से मिल भी आए हैं। बिलावल की शादी की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उनके सिर पर साल के आखिर तक शादी का सेहरा सज सकता है। द न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार बिलावल की कथित मंगेतर लिकटेंस्टीन की राजधानी वादुज में रहती हैं। सूत्रों का यह भी दावा है कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी अपने बेटे की शादी की तारीख तय करने और इस पर बातचीत करने के लिए परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वादुज जा चुके हैं। खबरों में यह भी दावा किया गया है कि बिलावल की शादी इस साल के आखिर में हो सकती है। हालांकि बिलावल के प्रवक्ता और कराची के मेयर मुर्तजा वहाब ने सोशल मीडिया पर कहा कि पीपीपी चेयरमैन की सगाई या शादी के बारे में खबरें गलत और बेबुनियाद हैं। लिकटेंस्टीन पश्चिमी यूरोप का एक छोटा सा स्वतंत्र देश है। यह स्विट्जरलैंड और ऑस्ट्रिया के बीच स्थित है। बिलावल पहले शादी के बारे में सार्वजनिक रूप से बात कर चुके हैं, लेकिन उन्होंने होने वाली जीवनसाथी या शादी की तारीख के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। 2022 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77वें सत्र के दौरान एक पत्रकार ने बिलावल से उनकी शादी की योजनाओं के बारे में पूछा था। मुस्कुराते हुए तत्कालीन विदेशमंत्री बिलावल ने जवाब दिया कि बेशक मेरी शादी करने की योजना है, लेकिन जब उनसे पूछा गया कि वह कब शादी करने का इरादा रखते हैं, तो उन्होंने कोई और जानकारी नहीं दी। बिलावल ने 2016 में भी इस विषय पर बात की थी और कहा था कि उनकी होने वाली दुल्हन को सबसे पहले उनकी बहनों का दिल जीतना होगा और किसी भी लड़की के लिए मेरी बहनों का दिल जीतना बहुत मुश्किल काम है।