पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला में छात्रों का प्रदर्शन उग्र, पुलिस से धक्का-मुक्की; कई छात्र घायल
पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला में छात्रों का प्रदर्शन उग्र, पुलिस से धक्का-मुक्की; कई छात्र घायल
पटियाला: पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला में फीस बढ़ोतरी के विरोध में पिछले 6 दिनों से वीसी कार्यालय के बाहर चल रहा छात्रों का धरना उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब ‘फीस वृद्धि विरोधी फ्रंट’ की ओर से वीसी आवास की ओर ‘जागो मार्च’ निकाला गया। छात्रों का आरोप है कि मार्च को रोकने के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से पुलिस बल तैनात किया गया, जिसके बाद पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की हुई।
पुलिस पर छात्रों से मारपीट और खींचतान के आरोप
छात्र संगठनों का आरोप है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान लाठीचार्ज किया और कई छात्रों के साथ खींचतान की। छात्रों का यह भी आरोप है कि महिला छात्रों के साथ भी पुरुष पुलिस कर्मचारियों ने धक्का-मुक्की की। इस दौरान कई छात्रों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस या यूनिवर्सिटी प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
छात्रों ने जारी रखा मार्च
छात्रों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद उन्होंने विरोध जारी रखा और वीसी आवास तक ‘जागो मार्च’ पहुंचाया। छात्रों के विरोध के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से डीन अकादमिक से छात्रों से माफी मंगवाई गई, जिसके बाद स्थिति कुछ हद तक शांत हुई।
सिक्योरिटी इंचार्ज और वीसी के इस्तीफे की मांग
फीस वृद्धि विरोधी फ्रंट ने यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सिक्योरिटी इंचार्ज कैप्टन गुरतेज सिंह के इस्तीफे की मांग की है। छात्र संगठनों ने वीसी पर भी छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करवाने का आरोप लगाते हुए नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की है।
छात्र, शिक्षक और कर्मचारी संगठनों की बैठक
छात्र संगठनों ने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में अगले दिन सुबह 9 बजे यूनिवर्सिटी के छात्र, शिक्षक और कर्मचारी संगठनों की संयुक्त बैठक बुलाई गई है। इसके बाद सुबह 10 बजे पूरी यूनिवर्सिटी में पुलिस कार्रवाई के विरोध में रोष मार्च निकालने का ऐलान किया गया है।
फीस वृद्धि विरोधी फ्रंट ने सभी छात्रों से बड़ी संख्या में रोष मार्च में शामिल होने की अपील की है। साथ ही पंजाब की जनसंगठनों से भी छात्रों के समर्थन में आगे आने का आह्वान किया गया है।