आईसीसी महिला टी-20 रैंकिंग में चमारी अटापट्टू का जलवा
दुबई, 01 सितंबर (हि.स.) : संयुक्त अरब अमीरात में शुरू हुए महिला एशिया कप के शुरुआती मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन का असर ताजा आईसीसी महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रैंकिंग में भी देखने को मिला है। श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंडर तीनों वर्गों में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की है। संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ श्रीलंका की नौ विकेट की जीत में अटापट्टू ने सिर्फ 25 गेंदों पर नाबाद 48 रन बनाए और तीन ओवर में 10 रन देकर एक विकेट भी लिया। इस प्रदर्शन के बाद वह बल्लेबाजी रैंकिंग में छठे स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि गेंदबाजी रैंकिंग में तीन स्थान की छलांग लगाकर 33वें स्थान पर पहुंच गई हैं। ऑलराउंडरों की सूची में वह तीसरे स्थान पर कायम हैं। अटापट्टू के खाते में अब बल्लेबाजी में 734, गेंदबाजी में 552 और ऑलराउंडर वर्ग में 405 रेटिंग अंक हैं, जो तीनों श्रेणियों में उनका करियर बेस्ट है। श्रीलंका की सलामी बल्लेबाज इमेशा दुलई ने भी चार स्थान की छलांग लगाकर करियर की सर्वश्रेष्ठ 18वीं रैंकिंग हासिल की है। संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ 18 गेंदों में 25 रन की पारी ने उन्हें 625 रेटिंग अंक तक पहुंचाया। गेंदबाजी में श्रीलंका की मिथाली अयोध्या ने 18 स्थान की बड़ी छलांग लगाई है। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ तीन विकेट लेकर मेजबान टीम को 79 रन पर रोकने में अहम भूमिका निभाई। वह अब 70वें स्थान पर हैं और उनके खाते में करियर के सर्वश्रेष्ठ 444 रेटिंग अंक हैं। सुगंधिका कुमारी दो विकेट के प्रदर्शन के बाद पांच स्थान ऊपर चढ़कर 23वें स्थान पर पहुंच गई हैं। थाईलैंड के खिलाफ भारत की जीत में तीन विकेट लेने वाली भारतीय तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा को रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है। उन्होंने 18 रन देकर तीन विकेट लिए थे, जिसके बाद वह 38 स्थान की छलांग लगाकर 112वें स्थान पर पहुंच गई हैं। थाईलैंड की नन्नापत कोंचारोएनकाई भारत के खिलाफ 48 गेंदों में 41 रन की पारी के बाद बल्लेबाजी रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर 29वें स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं भारत के खिलाफ तीन विकेट लेने वाली सुलीपॉर्न लाओमी पांच स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 63वें स्थान पर पहुंची हैं।