‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ का 88वां संस्करण

फिटनैस में दम, प्रदूषण और ट्रैफिक करे कम, इसलिए रोज चलाओ साइकिल : खेल मंत्री  

यह आयोजन देशभर में 25,000 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया, जो साप्ताहिक साइकिलिंग अभियान की बढ़ती लोकप्रियता है।

By : Just Click National , Sukhwinder Kaur
फिटनैस में दम, प्रदूषण और ट्रैफिक करे कम, इसलिए रोज चलाओ साइकिल : खेल मंत्री  

साइकिलिंग करते खेल मंत्री व अन्य।

नई दिल्ली, 30 अगस्त (हि.स.) : केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डा. मनसुख मांडविया ने रविवार को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ के विशेष राष्ट्रीय खेल दिवस संस्करण का नेतृत्व किया। इस कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, पहलवान संग्राम सिंह और अभिनेत्री मधुरिमा तुली सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। यह आयोजन देशभर में 25,000 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया, जो साप्ताहिक साइकिलिंग अभियान की बढ़ती लोकप्रियता है। नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और ब्रिक्स साझेदार देशों के प्रतिनिधियों सहित 5,000 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक साइकिल चलाई और विभिन्न फिटनैस गतिविधियों में भाग लिया। इस मौके पर डा. मनसुख मांडविया ने कहा कि ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ का 88वां संस्करण विशेष महत्व रखता है, क्योंकि भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह का संस्करण ब्रिक्स के सदस्यों को समर्पित है, जो 12 और 13 सितंबर को शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आएंगे। खेल मंत्री ने आह्वान करते हुए कहा कि फिटनैस में दम, प्रदूषण और ट्रैफिक करे कम, इसलिए रोज साइकिल चलाओ। ‘ब्रिक्स रन एंड राइड 2026’ पहल के तहत जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने साइकिलिंग के साथ-साथ नृत्य और विभिन्न फिटनैस गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। युवाओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी आयु वर्ग के लोगों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की। राष्ट्रीय खेल दिवस के एक दिन बाद आयोजित इस विशेष कार्यक्रम ने नागरिकों के बीच फिटनैस, खेल और सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।