लगातार हो रही बारिश के चलते

बरगी बांध में जल स्तर बढ़ा, 9 गेट खोले

बाद नर्मदा के घाटों और तटीय क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

By : Just Click National , Harpreet Singh
बरगी बांध में जल स्तर बढ़ा, 9 गेट खोले

जबलपुर, 18 अगस्त (हि.स.) : मध्‍य प्रदेश के मंडला और डिंडौरी जिलों के जलभराव क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते बरगी बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। जलस्तर 420.80 मीटर पहुंचने के बाद मंगलवार को वर्ष 2026 में पहली बार बांध के 21 में से 9 गेट खोल दिए गए। बांध से करीब 1031 क्यूमेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है। इसके बाद नर्मदा के घाटों और तटीय क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। बांध प्रबंधन ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान और जलभराव क्षेत्र में जारी बारिश को देखते हुए नौ गेट चरणबद्ध तरीके से खोले। सभी गेट औसतन 0.78 मीटर की ऊंचाई तक खोले गए हैं। पानी छोड़े जाने से नर्मदा नदी के घाटों पर जलस्तर करीब 3 से 4 फीट तक बढ़ सकता है। बांध प्रबंधन ने बताया कि जल आवक की स्थिति के अनुसार गेटों से पानी की निकासी कभी भी बढ़ाई या घटाई जा सकती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 अगस्त की रात 8 बजे बरगी बांध का जलस्तर 420.80 मीटर दर्ज किया गया था। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए नौ गेट खोलने का निर्णय लिया गया। वर्तमान में बांध की जल उपयोगी क्षमता 2674 एम.सी.एम. यानी 84.08 प्रतिशत है। बांध में पानी की आवक करीब 1620 क्यूमेक दर्ज की गई है। गेट खुलने के बाद नर्मदा नदी के घाटों और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों से नदी के आसपास नहीं जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। बांध प्रबंधन ने भी लोगों से अपील की है कि वे जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं।
कैप्शन : बांध की तस्वीर। बरगी बांध में जल स्तर बढ़ा, 9 गेट खोले