हिमाचल में कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में होगी बहुत भारी बारिश, 19 से 22 जुलाई तक ओरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ रहा था मानसून। मौसम विभाग ने 18 जुलाई से 22 जुलाई तक कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जारी कर दी है

हिमाचल प्रदेश में होगी बहुत भारी बारिश, 19 से 22 जुलाई तक ओरेंज अलर्ट

शिमला, (हि.स.) हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 18 जुलाई से 22 जुलाई तक प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने और कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। 19 से 22 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को भी संभावित परिस्थितियों के मद्देनजर पूरी तैयारी रखने और संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए रखने को कहा गया है। प्रदेश में मानसून ने 30 जून को दस्तक दी थी। इसके बाद से अब तक सामान्य से करीब 20 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। हाल के दिनों में किन्नौर में बादल फटने, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले कुछ वर्षों में भी मानसून के दौरान बादल फटने, भूस्खलन और बाढ़ ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी नुकसान पहुंचाया है। ऐसे में आगामी दिनों के पूर्वानुमान को देखते हुए मौसम विभाग अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। 
           मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मानसून कमजोर पड़ा हुआ था, मगर 18 जुलाई से इसकी सक्रियता फिर बढ़ने की संभावना है। उनके अनुसार 18 से 22 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। 18 जुलाई को कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। 19 से 22 जुलाई तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है। मौसम विभाग के सात दिन के पूर्वानुमान के अनुसार आज कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। 17 जुलाई को भी मौसम सामान्य रहने का अनुमान है तथा कोई अलर्ट नहीं है। 18 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 19 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका के कारण ओरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। 20 और 21 जुलाई को भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है और इन दोनों दिन भी ओरेंज अलर्ट रहेगा। 22 जुलाई को भी बारिश का दौर जारी रहने और अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना के चलते ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है।