चंडीगढ़, 25 अगस्त (अभिषेक मैनरो) : अनुसूचित जाति (एस.सी.) विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, जो 1 जुलाई, 2026 से राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) के माध्यम से संचालित है, की अधिकतम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आज पूरे राज्य में विशेष जागरूकता एवं सहायता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र विद्यार्थी जानकारी के अभाव, प्रक्रिया संबंधी कठिनाई या तकनीकी समस्या के कारण छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। पंजाब सरकार की उच्च शिक्षा को प्रत्येक वर्ग तक सुलभ, समान और किफायती बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक कठिनाई किसी भी विद्यार्थी के उच्च शिक्षा प्राप्त करने के सपनों में बाधा न बने। उन्होंने सभी पात्र एस.सी. विद्यार्थियों से अपील की कि वे अंतिम तिथि से पहले अपने आवेदन जमा करवाकर इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। नई ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों की सुविधा के लिए मंत्री ने विशेष हेल्पडेस्क ई-मेल pms.nspqueries2026@gmail.com जारी की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से आवेदन करते समय आने वाली तकनीकी या प्रक्रिया संबंधी समस्याओं को इस ई-मेल के माध्यम से भेजा जा सकता है, जिनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए पारदर्शी, सुचारू और सुविधाजनक आवेदन प्रक्रिया सुनिश्चित करना है। उच्च शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण, स्कूल शिक्षा और पशुपालन विभागों के निदेशकों सहित सभी विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और संबंधित शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों को फॉर्म भरने और जमा करवाने में पूरा सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सभी विभागों और संस्थानों के सामूहिक प्रयासों से ही योजना का अधिकतम लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाया जा सकता है।