कछार (असम), 10 अगस्त (हि.स.) सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान के दौरान सोमवार को असम के कछार जिले के बदरपुर घाट पर 8.224 किलोग्राम मॉर्फिन ज़ब्त की, जिसकी कीमत लगभग 13 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। खुफिया जानकारी के आधार पर श्रीभूमि जिला पुलिस, कछार जिला पुलिस तथा 38वीं असम राइफल्स ने मिलकर उक्त अभियान चलाया था। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने एक गाड़ी को रोका, जिसके फ्यूल टैंक के अंदर एक चैंबर मिला। इसमें भारी मात्रा में मॉर्फिन बरामद हुई। इस संबंध में पांचग्राम के रहने वाले डोला राजा नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इस मौके पर श्रीभूमि की एस.एस.पी. लीना दौले, कछार और श्रीभूमि ज़िलों के सीनियर पुलिस अधिकारी और 38वीं असम राइफल्स के अधिकारी मौजूद थे। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।