भोपाल, 11 अगस्त (हि.स.): मध्य प्रदेश में तीसरे दिन भी बारिश का दौर जारी है। भोपाल में मंगलवार शाम तेज बारिश के बाद कई सड़कों पर 2 से अढ़ाई फीट तक पानी भर गया। वहीं पिकनिक मनाने आए 7 युवक कजलीखेड़ा स्थित फाटापान बाबाझिरी पिकनिक स्पॉट पर फंस गए, जिन्हें पुलिस और एस.डीई.आर.एफ. की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित निकाल लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार भोपाल के सातों युवक दोपहर करीब 3 बजे पिकनिक मनाने उक्त जगह पहुंचे। बारिश तेज होने की वजह से पहाड़ों का पानी पिकनिक स्पॉट में भर गया, जिस कारण ये सभी एक टीले पर फंस गए। इन्होंने मोबाइल के जरिए अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिवार वालों ने 112 पर कॉल किया। शाम करीब 7 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और एस.डी.ई.आर.एफ. टीम को बुलाया। उक्त टीले तक जाने के रास्ता बनाया बनाकर उक्युत वकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। लगातार हो रही बारिश आफत बनने लगी है। जगह-जगह पानी जमा हो गया है, जिस कारण जाम जैसे हालात बन गए। इसी के मद्देनजर भोपाल में सोमवार और मंगलवार को भी स्कूलों की छुट्टी की गई थी।