कानपुर, 12 अगस्त (हि.स.) : कानपुर जनपद में चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामनगर क्षेत्र में बुधवार को चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे कांशीराम अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक ट्रेन में गेट के पास बैठा था और नींद की झपकी के चलते नीचे गिर गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब 500 मीटर तक कीचड़ और पानी से भरे रास्ते से गुजरकर उसे एम्बुलैंस तक पहुंचाया। युवक की पहचान बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले शाहिद के रूप में हुई है, जोकि दिल्ली जा रहा था। घायलावस्था में उसकी आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे निर्भय सिंह ने 112 पर सूचना दी। पुलिस ने युवक के दादा को फोन पर सूचित कर दिया है।