पलवल, 24 अगस्त (हि.स.) : पलवल में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी व्हीकल थैफ्ट स्टाफ और हथीन थाना पुलिस ने मिंडकोला स्थित के.एम.पी. एक्सप्रैस-वे पुल के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार से 22 पेटी अवैध देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने कार चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ कार में सवार उसका बेटा पुलिस को चकमा देकर खेतों के रास्ते फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार एंटी व्हीकल थैफ्ट स्टाफ को सूचना मिली थी कि अहरवा गांव निवासी धर्मेंद्र सफेद रंग की ब्रेजा कार में फरीदाबाद से सिलानी रोड होते हुए हथीन की ओर अवैध शराब लेकर आ रहा है। ए.एस.आई. ईश्वर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मिंडकोला के.एम.पी. पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान सिलानी रोड की तरफ से एक सफेद रंग की ब्रेजा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को वाहन रोकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार नाकाबंदी देखकर चालक ने कार रोकने के बजाय उसे वापस मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान कार में सवार एक युवक अचानक नीचे उतरा और खेतों की तरफ भाग गया। पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए कार को घेर लिया और चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए चालक की पहचान अहरवा गांव निवासी धर्मेंद्र के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार मौके से फरार हुआ युवक धर्मेंद्र का बेटा हेमंत है। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसकी डिग्गी से कुल 22 पेटी अवैध देसी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। हथीन थाना पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपित धर्मेंद्र के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।