तरनतारन, (हि.स.) एक्साइज डिपार्टमेंट और पुलिस की जॉइंट टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर तरनतारन जिले के गांव पधरी में अवैध शराब के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब, लाहन और शराब बनाने का सामान जब्त किया गया। पुलिस और एक्साइज टीम ने मौके से 3 चालू शराब की भट्टियां, 4,000 लीटर लाहन और 100 बोतल तैयार अवैध शराब जब्त की। इसके अलावा, शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले 4 बड़े ड्रम, 35 छोटे ड्रम और दूसरे सामान भी जब्त किए गए। क्साइज इंस्पेक्टर करण शर्मा ने बताया कि आरोपी सुबह खुले में भट्टियां लगाकर अवैध शराब तैयार करते थे और उसे आस-पास के गांवों में सप्लाई करते थे। जिस घर में यह गैर-कानूनी धंधा चल रहा था, उसका मालिक बड़ी पढरी का रहने वाला परगट सिंह पुलिस को देखते ही मौके से भाग गया। झबल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एक्साइज डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बताया कि गैर-कानूनी शराब के कारोबारियों के खिलाफ लगातार स्पेशल कैंपेन चल रहा है और यह कार्रवाई उसी कैंपेन का हिस्सा है। उन्होंने साफ किया कि गैर-कानूनी शराब के धंधे में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।