लखनऊ, 25 अगस्त (हि.स.) : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3,572 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 9.30 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। अगले छह माह में एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है और भ्रष्टाचार व नकल माफिया पर प्रभावी कार्रवाई की है। उन्होंने 2017 से पहले की सरकारों पर भर्ती में देरी और अनियमितताओं का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने नौ लाख 30 हजार से अधिक उत्तर प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध करवाने में सफलता प्राप्त की है और एक भी नियुक्ति पर कोई प्रश्न नहीं खड़ा कर सकता। हमने पहले दिन से तय कर रखा है कि जो 2017 के पहले की परिपाटी थी, वह अब नहीं चलेगी।