अंबाला, 20 अगस्त (जस्ट क्लिक) : जब तक कट्टरपंथी अंबाला पुलिस से माफी न मांग लें, तब तक उन पर दायर मुकदमे वापस न लिए जाएं। एंटी टैरेरिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने यह बात आज मुख्यमंत्री नायब सैनी को लिखे पत्र में कही। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस का मनोबल गिरा तो प्रदेश की कानून-व्यवस्था भंग हो जाएगी, क्योंकि प्रदेश की पौने 3 करोड़ जनता की रक्षा पुलिस कर रही है। इसलिए खाकी को किसी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। गौरतलब है कि 13 अगस्त को अंबाला पुलिस पर कट्टरपंथी हमला हुआ था, जिस संबंध में बलदेव नगर व पंजोखरा थाना में मुकदमे दर्ज हुए। शांडिल्य ने कहा कि हमले में गंभीर घायल डी.एस.पी. वीरेंद्र शर्मा व अन्य पुलिस कर्मियों से हमलावरों द्वारा माफी मांगे बिना मुकदमे वापस नहीं लेने चाहिए। ऐसा करने से जहां पुलिस का मनोबल टूटेगा, वहीं कट्टरपंथियों के हौसले बुलंद होंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला संविधान पर हमला है। वहीं हमलावरों के कातिलाना हमले का शिकार एस.एस.पी. को प्रमोशन भी दी जाए। उन्होंने कहा कि कथित तौर पर पंजाब से आए कट्टरपंथी हरियाणा में हिन्दू-सिख भाईचारे में जहर घोलने आए थे।
कैप्शन : वीरेश शांडिल्य।