समराला, (हि.स.) कनाडा के एडमोंटन में पंजाब की 23 साल की एक युवती दमनप्रीत कौर की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने उसके लिव-इन पार्टनर रितेश कुमार (22) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सेकंड-डिग्री मर्डर का केस दर्ज किया है। आरोपी मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला बताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, दमनप्रीत कौर पंजाब के लुधियाना जिले के समराला की रहने वाली थी और करीब पांच साल पहले हायर एजुकेशन और बेहतर भविष्य की तलाश में कनाडा गई थी। वह एडमोंटन में रहकर काम कर रही थी और रितेश कुमार के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस के मुताबिक, 9 जुलाई 2026 को दोनों के बीच किसी बात पर बहस हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान रितेश ने दमनप्रीत का गला घोंट दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर पुलिस और इमरजेंसी मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और दमनप्रीत को गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। तीन दिन तक ज़िंदगी और मौत से जूझने के बाद 12 जुलाई को दमनप्रीत की मौत हो गई। 14 जुलाई को हुई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला कि उसकी मौत नेचुरल नहीं बल्कि गला घोंटने से हुई थी। जांच के दौरान एडमोंटन पुलिस की होमिसाइड यूनिट ने 22 जुलाई को रितेश कुमार को गिरफ्तार किया। 24 जुलाई को पुलिस ने जानकारी शेयर करते हुए बताया कि यह मामला इंटिमेट पार्टनर होमिसाइड (घरेलू/पार्टनर हिंसा) से जुड़ा है और इस मामले में किसी और संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है। इस दुखद घटना के बाद कनाडा में भारतीय समुदाय में शोक की लहर है। कनाडाई मीडिया के मुताबिक, दमनप्रीत की डेड बॉडी को भारत लाने और अंतिम संस्कार का खर्च उठाने के लिए गो-फंड-मी कैंपेन भी शुरू किया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कोर्ट में कार्रवाई की जाएगी।