मोहाली, 25 अगस्त (जस्ट क्लिक) : कांग्रेसी सांसद डा. धर्मवीर गांधी द्वारा हिंदू धर्म, धार्मिक यात्राओं और हिंदू देवी-देवताओं संबंधित कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणियां करने के मामले में कानूनी कार्रवाई करने की मांग को लेकर आज एसएसपी मोहाली को शिव सेना हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष निशांत शर्मा द्वारा दरखास्त दी गई। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर कांग्रेस के पटियाला से सांसद डाॅ. धर्मवीर गांधी द्वारा हिंदू धर्म, हिंदू धार्मिक यात्राओं और भगवान शिव और भगवान श्रीराम के नाम संबंधित कुछ ऐसी टिप्पणियां/पोस्टें की गई हैं जो उनके मुताबिक अपमानजनक और आपत्तिजनक हैं। इससे हिंदू/सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों की धार्मिक भावनाओं को गंभीर ठेस पहुंची है। ऐसी टिप्पणियां धार्मिक भाईचारे की भावनाओं को प्रभावित करने के साथ-साथ समाज में तनाव और आपसी विरोध की स्थिति भी पैदा कर सकतीं हैं। सनातन धर्म से संबंध रखने के कारण उक्त टिप्पणियां खुद उनके लिए भी बहुत ही दुखदायी और अपमानजनक हैं। निशांत शर्मा ने मांग की कि इस मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच कर कानून अनुसार बनती कार्रवाई की जाए। इस शिकायत के साथ उन्होंने संबंधित फेसबुक पोस्टें/टिप्पणियों के स्क्रीनशॉट भी सबूत के तौर पर संलग्न किए हैं।