खन्ना, 25 अगस्त (राजू, शाही) : हिंदी पुत्री पाठशाला सीनियर सैकेंडरी स्कूल खन्ना में तीज का त्यौहार बड़े ही उत्साह एवं हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब खन्ना की सचिव तनुजा सूद व अध्यक्ष वीना गाेयल मुख्यातिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन कुलभूषण राय सोफत, प्रिंसीपल रजनी वर्मा, शशि बाला एवं कंचन बाला ने मुख्यातिथियों का स्वागत किया। विद्यालय परिसर तीज के रंगों में रंगा नजर आया। पारंपरिक परिधानाें में छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। गिद्दा और मॉडलिंग मुख्य आकर्षण रहे। छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और पंजाबी संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। मॉडलिंग प्रतियोगिता में 12वीं कक्षा की रमनजोत कौर ने ‘मिस तीज’ का खिताब प्राप्त किया। इसी तरह ‘तीयां दी शान’ का खिताब खुशविंद्र कौर, ‘मजाजन’ का एशमीन कौर तथा ‘पटोला’ का खिताब प्रभजोत कौर ने जीता। मुख्यातिथि तनुजा सूद ने विद्यार्थियों के साथ नृत्य कर समारोह की रौनक बढ़ाई। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम उपरांत सरोज गुप्ता ने अपने स्व. पति जसवंत राय की पावन स्मृति में सभी के लिए लंगर की व्यवस्था की। इस अवसर पर मूर्ति गुप्ता, आशा गुप्ता, मधु गुप्ता एवं ऊषा गुप्ता सहित विद्यालय के गण्यमान्य सदस्य उपस्थित थे। प्रिंसीपल रजनी वर्मा ने कहा कि भारतीय त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक हैं।