मोहाली, (हि.स.) मोहाली में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में लुधियाना के एक युवा जिम मालिक और कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग बाल-बाल बच गए। हादसा लालड़ू में आईटीआई चौक के पास उस समय हुआ जब फॉर्च्यूनर कार के सामने अचानक एक आवारा पशु आ गया। मृतकों की पहचान लुधियाना के बीआरएस नगर निवासी 23 वर्षीय मनजोत सिंह और चालक रवि कुमार के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में मनजोत के पिता अमरपाल सिंह ने बताया कि मनजोत अपने दोस्त आकाश वर्मा, सिक्योरिटी गार्ड राजीव कुमार पांडे और चालक रवि कुमार के साथ वीरवार रात करीब 11.45 बजे फॉर्च्यूनर कार में दिल्ली के लिए निकला था। शुक्रवार तड़के जब कार लालड़ू में आईटीआई चौक के पास पहुंची तो अचानक सड़क पर एक पशु आ गया। इसे बचाने के प्रयास में चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। बोनट फिर से विंडशील्ड तक पहुंच गया, आगे का बंपर, ग्रिल और हेडलाइट्स उखड़ गए। आगे का एक टायर टूट गया, छत कई जगह से पिचक गई और दरवाज़े भी बुरी तरह डैमेज हो गए। हादसे में मनजोत के दोस्त आकाश वर्मा को मामूली चोटें आईं, जबकि सिक्योरिटी गार्ड राजीव कुमार पांडे बाल-बाल बच गए। मनजोत के पिता ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि यह एक अचानक हुआ हादसा था और इसमें किसी की कोई लापरवाही नहीं थी। उन्होंने किसी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराने के बाद दोनों मृतकों के शव परिवार वालों को सौंप दिए हैं।