काठमांडू, 30 अगस्त (हि.स.) : नेपाल के बाढ़ पीड़ितों के लिए भारत ने चौथी बार राहत सामग्री भेजी है। भारत के विदेशमंत्री एस. जयशंकर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शनिवार रात 11 टन राहत सामग्री के साथ सी-130 सैन्य विमान नेपाल भेजा गया। उन्होंने बताया कि इस खेप में खोज एवं बचाव के लिए उपकरणों से लैस टनल टैक्नीकल टीम, फोरैंसिक उपकरणों के साथ डीएनए विश्लेषण के लिए फोरैंसिक विशेषज्ञों की टीम, कंबल, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, प्लास्टिक शीट और हाइजीन किट सहित अन्य राहत सामग्री भेजी गई है। इसके अलावा, 230 फीट लंबे सिंगल-लेन मॉड्यूलर स्टील पुल के लिए आवश्यक उपकरण लेकर 16 ट्रक भी नेपाल पहुंच चुके हैं। भारतीय विदेशमंत्री जयशंकर के अनुसार अब तक भारत ने दवाइयों, पोर्टेबल जैनरेटर सेट, खाद्य पैकेट, पानी शुद्ध करने वाली गोलियों और तकनीकी उपकरणों सहित कुल 68.5 टन राहत सामग्री हवाई मार्ग से काठमांडू पहुंचाई है। भारत ने कहा है कि वह नेपाल सरकार द्वारा मांगी गई हर प्रकार के मदद के लिए तैयार है। जैसे-जैसे नेपाल सरकार की तरफ से मांग हो रही है तत्काल उस पर अमल किया जा रहा है।