श्रीलंका पर जीत से खुश शुभमन गिल, सुथार-पडिक्कल की जमकर तारीफ

दो मैचों की टैस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त

श्रीलंका पर जीत से खुश शुभमन गिल, सुथार-पडिक्कल की जमकर तारीफ

यह जीत भारत के लिए यादगार बन गई है, क्योंकि भारतीय टीम का यह 600वां टैस्ट मैच था।

श्रीलंका पर जीत से खुश शुभमन गिल सुथार-पडिक्कल की जमकर तारीफ

जीत के बाद खुशी व्यक्त करते खिलाड़ी |

गाले (श्रीलंका), 19 अगस्त (हि.स.) : भारतीय टीम ने गाले में खेले गए पहले टैस्ट में श्रीलंका को 165 रन से हराकर दो मैचों की टैस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। यह जीत भारत के लिए यादगार बन गई है, क्योंकि भारतीय टीम का यह 600वां टैस्ट मैच था। जीत के बाद कप्तान शुभमन गिल ने टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए 600वें टैस्ट मैच में जीत को स्पैशल बताया। साथ ही युवा स्पिन ऑल राऊंडर मानव सुथार और बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल के शानदार प्रदर्शन की भी जमकर तारीफ की। गिल ने कहा कि भारतीय टीम की 600वें टैस्ट मैच में जीत बहुत खास है। हमारे लिए यह बहुत संतोषजनक जीत रही। मौसम को लेकर अनिश्चितता के कारण टीम पर थोड़ा दबाव था, लेकिन खिलाड़ियों ने परिस्थितियों का शानदार तरीके से सामना किया। भारतीय टीम दूसरी पारी में 193 रन पर ऑल आऊट हो गई थी। गिल ने स्पष्ट किया कि टीम का लक्ष्य बड़ा स्कोर बनाना था और इसी रणनीति के तहत बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाया। टीम करीब 400 रन तक पहुंचना चाहती थी, क्योंकि आखिरी पारी में गेंदबाजी के लिए पर्याप्त ओवर सुनिश्चित करना जरूरी था। यही हमारी सोच थी और इसी प्रक्रिया में हमने कुछ शुरुआती विकेट गंवा दिए। मुझे लगता है कि कुल मिलाकर हम फिर भी अच्छी स्थिति में थे। कप्तान ने जीत में अहम भूमिका निभाने वाले मानव सुथार और देवदत्त पडिक्कल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सुथार अपने टैस्ट पदार्पण से ही लगातार शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। चाहे वह भारत में खेला गया पहला मैच हो या फिर इस मैच में। उनमें भारतीय क्रिकेट का लंबा भविष्य दिखाई देता है। देवदत्त पडिक्कल की तारीफ करते हुए गिल ने कहा कि उन्हें खेलते देखना शानदार था। शतक बनाना जरूरी है, लेकिन शतक बनाने के बाद भी उन्होंने अपनी पारी जारी रखी और हमारे लिए एक बड़ी पारी खेली। दूसरी पारी में भी जिस तरह से उन्होंने खेला और स्पिनरों पर हावी रहे, वह देखना बहुत सुखद था। गाले टैस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 462 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रनों पर सिमट गई थी, जिससे भारत को 178 रन की बढ़त मिली। भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 193 रन बनाए और श्रीलंका के सामने 372 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम 206 रन पर ऑल आऊट हो गई और भारत ने 165 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम की इस जीत में स्पिन ऑल राऊंडर मानव सुथार और बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल का अहम योगदान रहा। सुथार ने जहां पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट हासिल करते हुए 10 श्रीलंकाई बल्लेबाजों को पैवेलियन भेजा, वहीं पडिक्कल ने अपने बल्ले से कमाल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले में कुल 211 रन बनाए। पडिक्कल ने पहली पारी में 167 रन और दूसरी पारी में 44 रनों की पारी खेली।

प्रमुख खबरें